3:46 am Wednesday , 29 July 2026
BREAKING NEWS

भाजपा ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष पूरन लाल लोधी का बदायूं में ऐतिहासिक स्वागत, जयघोष और पुष्पवर्षा से गूंजा जनपद

बदायूं

भाजपा ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष पूरन लाल लोधी का बदायूं में ऐतिहासिक स्वागत, जयघोष और पुष्पवर्षा से गूंजा जनपद

केशव गुप्ता

बदायूं। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष पूरन लाल लोधी के प्रथम बदायूं आगमन पर रविवार को पूरे जनपद में ऐतिहासिक स्वागत किया गया। पुठी सराय से लेकर कछला चौराहा तक जगह-जगह भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी, पुष्पवर्षा और गगनभेदी नारों के बीच उनका जोरदार अभिनंदन किया।
जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित स्वागत कार्यक्रमों में सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, पूर्व मंत्री विमल कृष्ण अग्रवाल, पूर्व विधायक कुशाग्र सागर, धर्मेंद्र शाक्य, पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव, वरिष्ठ नेता डी.के. भारद्वाज सहित जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और हजारों कार्यकर्ताओं ने बड़ी मालाएं पहनाकर क्षेत्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया।

बिनावर, बदायूं नगर, त्रिलोकपुर, आदर्श मोटर्स, उझानी और कछला चौराहा सहित विभिन्न स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए। उझानी स्थित बाबूजी कल्याण सिंह चौक पर पूरन लाल लोधी ने बाबूजी कल्याण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने केंद्रीय राज्यमंत्री बी.एल. वर्मा से उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए पूरन लाल लोधी ने कहा कि “भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन है, जहां एक साधारण कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत, समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा के बल पर सर्वोच्च दायित्व तक पहुंच सकता है।” उन्होंने कहा कि यह सम्मान किसी व्यक्ति का नहीं, बल्कि भाजपा के विचार, संगठन और कार्यकर्ता संस्कृति का सम्मान है।
उन्होंने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से अभी से बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और पुनः प्रचंड बहुमत की भाजपा सरकार बनाने के संकल्प के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने सभी जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बदायूं भाजपा परिवार ने क्षेत्रीय अध्यक्ष के प्रथम आगमन को ऐतिहासिक बनाकर संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ता शक्ति का परिचय दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस