बदायूं
भाजपा बृज क्षेत्र अध्यक्ष पूरन लाल लोधी का बदायूँ के विनावर में हुआ भव्य स्वागत, कार्यकर्ताओं में जोश
सहसवान- भारतीय जनता पार्टी, बृज क्षेत्र के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष श्री पूरन लाल लोधी का प्रथम बार बदायूँ आगमन पर कस्बा विनावर में भव्य स्वागत किया गया। माननीय जनप्रतिनिधि गण, पार्टी पदाधिकारी और सैकड़ों देवतुल्य कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया।
क्षेत्रीय अध्यक्ष के स्वागत में आयोजित कार्यक्रम में सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, युवा भाजपा नेता विश्वजीत गुप्ता और युवा भाजपा नेता मयंक गुप्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने पुष्पगुच्छ भेंट कर श्री लोधी का स्वागत किया और कहा कि उनके नेतृत्व में बृज क्षेत्र में संगठन और अधिक मजबूत होगा।
इस अवसर पर श्री पूरन लाल लोधी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ है। उन्होंने आगामी चुनावों के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मौजूद युवा नेता विश्वजीत गुप्ता और मयंक गुप्ता ने कहा कि नए क्षेत्रीय अध्यक्ष के मार्गदर्शन में युवा कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा मिलेगी। स्वागत कार्यक्रम के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा। ढोल-नगाड़ों और जय श्री राम के नारों के साथ कार्यकर्ताओं ने अपने नेता का जोरदार स्वागत किया।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
