बदायूं
बिसौली। घर से निकले थे सिलेंडर लेने, लौटे कफन में… हाईवे पर पिकअप ने बुझा दिए दो घरों के चिराग।
केशव गुप्ता
बिसौली(बदायूं) फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर रविवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। सिलेंडर लेने जा रहे बाइक सवार दो युवकों को पिकअप ने आमने-सामने की टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक युवक चार दिन पहले ही मुंबई से घर लौटा था।
जानकारी के अनुसार फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गांव दांवरी के पास हुए हादसे में कुलदीप पुत्र ओमकार और संजीव पुत्र सियाराम, निवासी वार्ड नंबर-6, कस्बा फैजगंज बेहटा की जान चली गई। दोनों गैस एजेंसी पर बाइक द्वारा मुंडिया धुरेकी से गैस सिलेंडर लेने जा रहे थे। तभी बिसौली की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। फैजगंज बेहटा थाना पुलिस दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसौली लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही अस्पताल में परिजनों की चीख-पुकार मच गई।
मृतक कुलदीप के भाई कमल सिंह ने बताया कि कुलदीप मुंबई में मजदूरी करता था और सिर्फ चार दिन पहले ही घर आया था। परिवार ने सोचा था कि वह कुछ दिन अपनों के बीच रहेगा, लेकिन सड़क हादसे ने सारी खुशियां छीन लीं। उधर संजीव के घर भी एक झटके में मातम पसर गया।
पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में शामिल पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
सभी की जुबां पर बस यह था कि जो दो युवक सुबह घर से सिलेंडर लेने निकले थे, शाम तक उनकी वापसी का इंतजार करते परिजनों को सिर्फ उनकी मौत की खबर मिली। गैस सिलेंडर से घर का चूल्हा तो नहीं जला लेकिन इस एक ही हादसे ने दो परिवारों के चिराग बुझा दिए और पीछे छोड़ गया केवल आंसू, सन्नाटा और कभी न भरने वाला दर्द।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
