बदायूं
रेलवे ट्रैक किनारे मिला 35 वर्षीय मजदूर का शव, मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस
केशव गुप्ता
आसफपुर (बदायूं)। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के आसफपुर-सिसरका रेलवे लाइन किनारे रविवार को एक 35 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान नाजिम (35) पुत्र यूसुफ, निवासी ग्राम मनौना, थाना आंवला, जनपद बरेली के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि नाजिम दिल्ली क्षेत्र में मजदूरी करता था।
मृतक की जेब से आंवला से बरेली तक का रेल टिकट और 240 रुपये नकद बरामद हुए हैं। घटना आसफपुर-सिसरका रेलवे लाइन पर गांव धौरन के पास की बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक सुनील कुमार विश्रोई और प्रवीण कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे तथा आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा। फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच जारी है।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
