गौशाला मार्ग का सड़क विवाद सुलझाने का प्रशासन का दावा
स्थानीय लोगों ने जताई नाराजगी
बिल्सी। नगर के नैथुआ रोड स्थित कान्हा गौशाला के पास लंबे समय से चले आ रहे सड़क विवाद के समाधान का नगर पालिका प्रशासन ने दावा किया है। मंगलवार को उपजिलाधिकारी राजेश कुमार सिंह, राजस्व विभाग की टीम और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर विवादित स्थल का निरीक्षण किया और जांच-पड़ताल के बाद मामले का निस्तारण करने की कार्रवाई की।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी वेदप्रकाश यादव ने बताया कि रास्ते को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। संयुक्त टीम ने मौके पर दोनों पक्षों से बातचीत की और सड़क को एक ओर से विकसित कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने दावा किया कि मंगलवार की शाम तक विवाद का समाधान करा दिया गया।
हालांकि, प्रशासन के इस दावे से स्थानीय लोग संतुष्ट नजर नहीं आए। उनका आरोप है कि जिस मार्ग पर कार्रवाई की गई, वह करीब 20 वर्ष पुराना रास्ता था, जिसे नगर पालिका ने समाप्त कर दिया। लोगों का कहना है कि सड़क विवाद का मामला अभी न्यायालय में विचाराधीन है, ऐसे में की गई कार्रवाई उचित नहीं है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

