बदायूं
उच्च प्राथमिक विद्यालय में चोरी, ताला तोड़कर जरूरी दस्तावेज व सामान ले उड़े चोर
केशव गुप्ता
बदायूँ। जनपद के वजीरगंज थाना क्षेत्र के हथरा स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में सोमवार रात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम देकर विद्यालय प्रशासन की चिंता बढ़ा दी। चोर विद्यालय की खिड़की तोड़कर अंदर घुसे और एक कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर महत्वपूर्ण अभिलेखों को बिखेर दिया। साथ ही विद्यालय में रखा लाउडस्पीकर, ब्लूटूथ स्पीकर, पंखे सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए।
मंगलवार सुबह जब विद्यालय की अध्यापिकाएं स्कूल पहुंचीं और पुराने भवन का कमरा खोला तो वहां का नजारा देखकर हैरान रह गईं। कमरे में अलमारी का ताला टूटा हुआ था, जरूरी दस्तावेज इधर-उधर बिखरे पड़े थे और कई सामान गायब मिले।
विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका वसुधा मिश्रा ने तत्काल एबीएसए वजीरगंज को घटना की सूचना दी। इसके साथ ही डायल 112 पर सूचना देकर पुलिस को मौके पर बुलाया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। प्रभारी प्रधानाध्यापिका ने थाना पुलिस को तहरीर देकर चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा करने और आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

