बिजली उपकेंद्र के मेन ट्रांसफार्मर से तेल चोरी,100 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप

उघैती (बदायूं)। उघैती थाना क्षेत्र के खितौरा विद्युत उपकेंद्र पर रविवार देर रात चोरों ने मेन ट्रांसफार्मर को निशाना बनाते हुए उसमें भरा तेल चोरी कर लिया। घटना के बाद उपकेंद्र से जुड़े करीब 100 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जिससे हजारों उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना ने विद्युत विभाग की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, चोर विद्युत उपकेंद्र की पिछली दीवार फांदकर परिसर में घुस आए और मेन ट्रांसफार्मर से तेल निकालकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि वारदात के समय उपकेंद्र पर विद्युतकर्मी मौजूद थे, इसके बावजूद चोर घटना को अंजाम देने में सफल रहे।
सोमवार सुबह ट्रांसफार्मर से तेल चोरी होने की जानकारी मिलने पर विभागीय अधिकारियों में हड़कंप मच गया। सूचना पर अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। ट्रांसफार्मर से तेल निकल जाने के कारण खितौरा बिजली घर से पोषित लगभग 100 गांवों की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। बिजली गुल होने से ग्रामीणों को पेयजल, घरेलू कार्यों और कृषि कार्यों में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
विद्युत विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) अंबर सिंह ने बताया कि चोर बिजली घर की पिछली दीवार कूदकर परिसर में दाखिल हुए और मेन ट्रांसफार्मर से तेल चोरी कर ले गए। मामले की तहरीर उघैती थाना पुलिस को दी जा रही है। पुलिस जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करेगी।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

