‘हरित सारथी अभियान’ के तहत पीपल-बरगद रोपे, नमामि गंगे व वन विभाग का संयुक्त आयोजन।
उझानी-बदांयू 21 जून।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में रविवार सुबह 9 बजे कछला गंगा घाट का तट ‘वन योगा’ से गूंज उठा। ‘हरित सारथी अभियान’ के अंतर्गत वन प्रभाग बदायूं, जिला गंगा समिति नमामि गंगे एवं वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में मां गंगा के पावन तट पर भव्य योग कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिल्सी विधायक हरीश शाक्य रहे। उप प्रभागीय वनाधिकारी सहसवान ज्ञान सिंह के दिशा-निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय वनाधिकारी सहसवान सुशील कुमार सिंह, चेयरमैन बिल्सी, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिकों एवं विभिन्न विद्यालयों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साह से भाग लिया।
योग सत्र से पहले गंगा घाट परिसर में पीपल, पाकड़ एवं बरगद जैसे छायादार और धार्मिक महत्व के पौधों का रोपण किया गया। इसके बाद आयुष विभाग बदायूं द्वारा नामित योग एवं प्राकृतिक चिकित्सकों ने सभी को योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया।
योग कार्यक्रम का सफल संचालन डीपीओ नमामि गंगे अनुज प्रताप सिंह ने किया, जबकि संयोजन क्षेत्रीय वन अधिकारी सहसवान सुशील कुमार सिंह ने संभाला।
मुख्य अतिथि बिल्सी विधायक हरीश शाक्य ने उपस्थित जनसमूह को गंगा स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा, “योग हमें स्वस्थ शरीर देता है और पेड़ हमें स्वच्छ पर्यावरण। मां गंगा की निर्मलता और हरियाली से ही हमारा भविष्य सुरक्षित है। हर व्यक्ति एक पेड़ जरूर लगाए।”
उप प्रभागीय वनाधिकारी ज्ञान सिंह ने बताया कि ‘वन योगा’ का उद्देश्य योग के साथ-साथ वनों के महत्व को जन-जन तक पहुंचाना है। पीपल-बरगद 24 घंटे ऑक्सीजन देते हैं, इसलिए इन्हें चुना गया।
कार्यक्रम में ‘नमामि गंगे’ के स्वयंसेवकों ने घाट की सफाई भी की। पूरा गंगा तट ‘करें योग-रहें निरोग’ और ‘पेड़ लगाओ-जीवन बचाओ’ के नारों से गूंजता रहा।
— राजेश वार्ष्णेय एमके।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
