5:06 pm Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

सहसवान में ‘डबल बैनामा’ कांड: एक जमीन, दो बार बिकी! दबंगों ने दी धमकी

सहसवान में ‘डबल बैनामा’ कांड: एक जमीन, दो बार बिकी! दबंगों ने दी धमकी, पीड़ित बोला – ‘ऑडियो रिकॉर्डिंग है मेरे पास’

सहसवान- जमीन के खेल में सहसवान में बवाल मच गया। एक ही जमीन को दो-दो बार बेचने का सनसनीखेज मामला समाधान दिवस में गूंजा। मोहल्ला काजी के शीराज मुर्तजा जब हाथ में प्रार्थना पत्र लेकर तहसील पहुंचे तो अधिकारियों के भी कान खड़े हो गए।

कहानी 2018 से शुरू होती है। शीराज ने हमूपूर चमरपुरा की जमीन का सौदा फकीर मोहम्मद से किया। पूरा पैसा दिया, रजिस्ट्री कराई, सोचा अब टेंशन खत्म। मगर पिक्चर अभी बाकी थी।

कम स्टाम्प का नोटिस अड़ा तो दाखिल-खारिज लटक गया। खतौनी में नाम अब भी पुराने मालिक का। बस, यहीं से शुरू हुआ ‘डबल बैनामा’ का खेल। आरोप है कि विक्रेता ने वही जमीन चुपके से रुस्तमटोला के आरिश और साथियों को दोबारा बेच डाली।

‘प्लॉट पर कब्जा नहीं तो जान से जाओगे’
असली ड्रामा तब शुरू हुआ जब दबंग प्लॉट पर जेसीबी लेकर पहुंच गए। पीड़ित ने टोका तो धमकी मिली – “बीच में आए तो जान से जाओगे”। शीराज का दावा है कि दबंगों की धमकी उसके मोबाइल में रिकॉर्ड है। पुलिस आई, कब्जा तो रुक गया, पर धमकियों का सिलसिला नहीं रुका।

समाधान दिवस में फूटा पीड़ित का गुस्सा
शनिवार को शीराज समाधान दिवस में पहुंचे और अधिकारियों के सामने सारी पोल खोल दी। बोले, “साहब, परिवार के साथ डर के साये में जी रहा हूं। FIR दर्ज कराओ और सुरक्षा दो, वरना कुछ हुआ तो जिम्मेदार कौन”

प्रशासन बोला – ‘जांच होगी’
प्रार्थना पत्र मिलते ही अफसरों ने जांच के आदेश दे दिए। राजस्व और पुलिस की जॉइंट टीम अब ‘डबल बैनामा’ की कुंडली खंगालेगी। सवाल ये है – स्टाम्प के चक्कर में लटका दाखिल-खारिज कब तक भूमाफियाओं को ऐसा खेल खेलने देगा

ऑडियो बना ट्रंप कार्ड
पीड़ित की जेब में धमकी वाली ऑडियो रिकॉर्डिंग इस केस का सबसे बड़ा ट्विस्ट है। अब देखना ये है कि ये ऑडियो आरोपियों को जेल की हवा खिलाती है या फाइलों में दबकर रह जाती है

विज्ञापन एक्सप्रेस