बदायूं
बदायूं में सड़क हादसों पर लगेगी लगाम: 22 जून से 15 दिन का विशेष अभियान, बिना नंबर प्लेट वाले ट्रैक्टर-डम्पर होंगे सीज
केशव गुप्ता
बदायूं। जनपद में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग (ARTO) द्वारा 22 जून 2026 से 15 दिवसीय विशेष अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान जिले के सभी थाना क्षेत्रों में संचालित होगा।
अभियान के तहत बिना नंबर प्लेट, फर्जी नंबर प्लेट अथवा हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) के बिना संचालित ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं डम्पर वाहनों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध सीज की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली, डम्पर, ई-रिक्शा एवं रिक्शा पर रिफ्लेक्टिव टेप लगवाने का कार्य भी कराया जाएगा, जिससे रात के समय दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके।
इसके अतिरिक्त जनपद की प्रमुख सड़कों पर ऐसे T एवं Y जंक्शनों की पहचान की जाएगी जहां दुर्घटनाओं का खतरा अधिक रहता है। चिन्हित स्थानों पर यातायात संकेतक, साइन बोर्ड तथा रम्बल स्ट्रिप्स लगाकर सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाएगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जनपदवासियों एवं वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, वाहनों पर वैध नंबर प्लेट लगाने तथा सड़क सुरक्षा संबंधी निर्देशों का अनुपालन करने की अपील की है। पुलिस एवं परिवहन विभाग का यह संयुक्त अभियान सुरक्षित यातायात व्यवस्था और जनहित को ध्यान में रखते हुए चलाया जाएगा।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com