7:15 am Wednesday , 29 July 2026
BREAKING NEWS

एटीएम बदलकर 50 हजार की ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार, नकदी और कई डेबिट कार्ड बरामद

बदायूं

एटीएम बदलकर 50 हजार की ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार, नकदी और कई डेबिट कार्ड बरामद

केशव गुप्ता

बदायूं। थाना वजीरगंज पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के खातों से रकम उड़ाने वाले गिरोह के एक शातिर सदस्य को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 7,350 रुपये नकद, चार एटीएम/डेबिट कार्ड तथा आधार कार्ड बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार कस्बा सैदपुर निवासी मारूफ खान ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 31 मई 2026 को एसबीआई एटीएम से रुपये निकालते समय तीन अज्ञात व्यक्तियों ने उनका एटीएम कार्ड बदल लिया था। इसके बाद आरोपियों ने उनके खाते से 50 हजार रुपये निकाल लिए। मामले में थाना वजीरगंज पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने गिरोह के सदस्यों की पहचान अतुल यादव, सौरभ ठाकुर और सौरभ सिंह परिहार के रूप में की। इनमें से अतुल यादव को पहले ही थाना बिसौली पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
इसी क्रम में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए सौरभ सिंह परिहार को बनकोटा हाईवे के पास से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से विभिन्न बैंकों के चार एटीएम/डेबिट कार्ड, एक आधार कार्ड तथा 7,350 रुपये नकद बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपी सौरभ सिंह परिहार फिरोजाबाद जनपद का निवासी है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना वजीरगंज पुलिस की इस कार्रवाई को साइबर ठगी और एटीएम फ्रॉड के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

विज्ञापन एक्सप्रेस