7:00 am Thursday , 23 July 2026
BREAKING NEWS

कछला में टूटा श्रद्धा का रिकॉर्ड: लाखों ने लगाई डुबकी, चप्पे-चप्पे पर PAC का पहरा।

बदायूं

कछला में टूटा श्रद्धा का रिकॉर्ड: लाखों ने लगाई डुबकी, चप्पे-चप्पे पर PAC का पहरा।

उझानी-बदांयू 15 जून ।

सोमवती अमावस्या के महापर्व पर कछला गंगा घाट ने एक बार फिर श्रद्धा का रिकॉर्ड तोड़ दिया। सोमवार को ब्रह्म मुहूर्त से ही गंगा तट पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। ‘हर-हर गंगे, जय गंगा मैया’ के गगनभेदी जयकारों के बीच लाखों श्रद्धालुओं ने मोक्षदायिनी गंगा में पुण्य की डुबकी लगाई। आलम ये था कि सुबह 8 बजे तक ही पूरा घाट श्रद्धालुओं से खचाखच भर गया और दोपहर तक आने वालों का तांता लगा रहा।

जिले और आसपास के जिलों से पहुंचे लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए प्रशासन अलर्ट मोड पर था। घाट के चप्पे-चप्पे पर पुलिस और फ्लड पीएसी के जवान मुस्तैद रहे। लाउडस्पीकर से लगातार अनाउंस कर श्रद्धालुओं को खतरे के निशान से आगे न जाने और गहरे पानी में जाने से रोका गया। गंगा की तेज धार को देखते हुए फ्लड पीएसी के साथ स्थानीय गोताखोरों को भी नावों के साथ तैनात किया गया था ताकि आपात स्थिति में तुरंत रेस्क्यू किया जा सके।

भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने एक दिन पहले ही रूट डायवर्जन लागू कर दिया था। कछला मार्ग पर केवल स्नान करने आ रहे श्रद्धालुओं के वाहनों को ही प्रवेश दिया गया। इससे मेले के दौरान भी यातायात पूरी तरह सुचारू बना रहा और जाम की स्थिति नहीं बनी।

सिर्फ कछला ही नहीं, जिले के अन्य प्रमुख घाटों पर भी सोमवती अमावस्या का उत्साह देखते ही बना। उसहैत के अटैना गंगा घाट, कादरचौक के ककोड़ा गंगा घाट और दातागंज के बेलाडांडी घाट पर भी हजारों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने दान-पुण्य कर प्रसाद वितरित किया।

डीएम व एसएसपी ने खुद कंट्रोल रूम से व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग की। अधिकारियों के मुताबिक, दोपहर तक स्नान पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण और सकुशल रहा। किसी भी घाट से कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।


राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.