बदायूं
इस्लामनगर पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर अपराधी, तमंचा और कारतूस सहित गिरफ्तार
केशव गुप्ता
बदायूं। जनपद में अपराध और अवैध शस्त्रों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना इस्लामनगर पुलिस ने एक शातिर अपराधी को अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में हत्या, गैंगस्टर, आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार 14 जून 2026 को मुखबिर की सूचना पर कस्बा इस्लामनगर के पास इस्लामनगर-चन्दौसी रोड से नगला बारह रोड पर घेराबंदी कर भूरा उर्फ रेशमपाल पुत्र अमर सिंह निवासी ग्राम मोहम्मदगंज गोबरा थाना उघैती को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध 315 बोर तमंचा तथा एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना इस्लामनगर में मु.अ.सं. 153/2026 के तहत धारा 3/25(1-बी) आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेशी के लिए भेज दिया गया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार भूरा उर्फ रेशमपाल पर बदायूं, अलीगढ़ और मुरादाबाद जनपदों के विभिन्न थानों में मारपीट, धमकी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और हत्या जैसे गंभीर मामलों सहित एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके आपराधिक इतिहास को देखते हुए पुलिस उसे क्षेत्र का सक्रिय अपराधी मान रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराधियों और अवैध शस्त्र रखने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

