11:28 pm Tuesday , 21 July 2026
BREAKING NEWS

सोमवती अमावस्या से पहले कछला घाट पर हुड़दंग, गंगा में डूबी कार।

बदायूं

सोमवती अमावस्या से पहले कछला घाट पर हुड़दंग, गंगा में डूबी कार।

उझानी-बदांयू 14 जून।

सोमवती अमावस्या के महास्नान से ठीक एक रात पहले कछला गंगा घाट पर शर्मनाक घटना सामने आई। बीती रात कुछ शरारती तत्व नशे की हालत में घाट पर पहुंचे और जमकर हुड़दंग काटा।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक गंगा में नहाते-नहाते अपनी सफेद कार को सीधे नदी में उतार लाए। कार बीच धारा में जाकर रेता में धंस गई। काफी मशक्कत के बाद भी युवक कार नहीं निकाल पाए और मौके से खिसक लिए। सुबह श्रद्धालुओं ने कार को गंगा में आधी डूबी हालत में देखा। कार से बंधा बांस का डंडा बता रहा है कि रात में उसे खींचने की नाकाम कोशिश हुई थी।

पवित्र घाट पर इस हरकत से श्रद्धालुओं में भारी रोष है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात में घाट पर पुलिस गश्त न होने से हुड़दंगियों के हौसले बुलंद हैं।

कल सोमवती अमावस्या है। लाखों श्रद्धालु कछला घाट पर पुण्य स्नान के लिए जुटेंगे। इसे देखते हुए नरौरा बैराज से बीती रात अतिरिक्त पानी छोड़ा गया है। स्नान पर्व से पहले हुई इस घटना ने सुरक्षा इंतजामों की पोल खोल दी है।

पुलिस कार नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है। घाट पर हुई इस हरकत का वीडियो भी वायरल हो रहा है।

राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.