बदायूं
सोमवती अमावस्या पर कछला गंगा घाट में अग्नि परीक्षा: पुलिस-प्रशासन अलर्ट, गोताखोर और NDRF तैनात।
उझानी-बदांयू 14 जून।
कल सोमवती अमावस्या के महापर्व पर कछला गंगा घाट में आस्था का सैलाब उमड़ेगा। आज रात से ही लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। नरौरा बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद गंगा का जलस्तर बढ़ गया है, ऐसे में पुलिस और प्रशासनिक अमले के लिए यह किसी अग्नि परीक्षा से कम नहीं है।
प्रशासन ने किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए घाट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। गंगा के तेज बहाव को देखते हुए घाट के संवेदनशील स्थानों पर गोताखोरों की तैनाती कर दी गई है। NDRF की टीम भी मोटरबोट और रेस्क्यू उपकरणों के साथ 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहेगी। घाट पर बैरिकेडिंग कर गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए साइन बोर्ड और रस्से लगाए गए हैं।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जाम की समस्या से निपटना सबसे बड़ी चुनौती है। इसके लिए परिवहन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। कछला-बदांयू मार्ग पर जगह-जगह पुलिस पिकेट और पार्किंग की व्यवस्था की गई है ताकि मुख्य मार्ग पर वाहनों का दबाव न बढ़े।
व्यवस्थाओं को परखने के लिए दो दिन पहले डीएम अवनीश राय और एसएसपी अंकिता शर्मा ने खुद कछला गंगा घाट का दौरा किया था। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि स्नान के दौरान कोई भी अप्रिय घटना नहीं होनी चाहिए। भीड़ नियंत्रण, यातायात, प्रकाश और चिकित्सा व्यवस्था को लेकर सभी विभागों को समन्वय से काम करने के आदेश दिए गए हैं।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे गहरे पानी में न जाएं, बच्चों का विशेष ध्यान रखें और अफवाहों पर ध्यान न दें। कोई भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखने पर तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दें।

—राजेश वार्ष्णेय एमके।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com