“उझानी में आवारा सांडों का कहर: बाइक सवार पर हमला, बच्ची घायल; दो महिलाएं बाल-बाल बचीं
“।
“नगर पालिका और पशुपालन विभाग मौन, हलवाई चौक से धोबी गली तक दहशत का माहौल”।
उझानी, बदायूं 12 जून ।
नगर में आवारा सांडों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा। शुक्रवार शाम मिल कंपाउंड कॉलोनी स्थित आशाराम आश्रम के पास अमित माहेश्वरी के मकान के सामने एक बाइक सवार को सांड ने बुरी तरह रौंद दिया। बाइक पर बैठी मासूम बच्ची को भी गंभीर चोटें आईं, लेकिन बेकाबू सांड का कहर यहीं नहीं रुका। मौके से गुजर रही दो महिलाएं भी चपेट में आने से बाल-बाल बचीं।
हलवाई चौक से धोबी गली तक दहशत।
नगर के हलवाई चौक, होली चौक,मोहल्ला साहूकारा, बाजार कलां और धोबी गली में अनगिनत आवारा सांडों ने दहशत फैला रखी है। आए दिन राहगीरों, दुकानदारों और स्कूली बच्चों पर हमले की घटनाएं सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ये सांड झुंड बनाकर गलियों में घूमते हैं और अचानक हमलावर हो जाते हैं।
नागरिकों ने बताया कि पहले भी नगर में सांडों के हमले में कई लोग जान गंवा चुके हैं, कई स्थायी रूप से अपंग हो गए। बावजूद इसके नगर पालिका और पशुपालन विभाग के पास इनसे निपटने की कोई ठोस योजना नहीं है। शिकायतों के बावजूद विभागीय अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं।
आक्रोशित नागरिकों ने पशुपालन विभाग और नगर पालिका परिषद से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि सभी आवारा सांडों और गायों को पकड़कर गौशाला भिजवाया जाए, ताकि मासूमों की जान और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। यदि जल्द कदम नहीं उठाए गए तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
लोगों का कहना है नगर में स्थिति चिंताजनक है। शाम होते ही मुख्य मार्गों पर सांडों का जमावड़ा लग जाता है, जिससे व्यापार और आवागमन दोनों प्रभावित हो रहे हैं।
राजेश वार्ष्णेय एमके।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com