
उझानी-बदांयू 12 जून।
तेज रफ्तार एक बार फिर किसी परिवार पर भारी पड़ी। कोतवाली उझानी क्षेत्र के अहीरटोला निवासी 55 वर्षीय किसान नेत्रपाल सिंह की सड़क हादसे में घायल होने के सात दिन बाद इलाज के दौरान सैफई के मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। मृतक के बेटे विकास ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से मौत का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
घटना 05 जून की शाम करीब 4 बजे की है। नेत्रपाल सिंह पुत्र स्व. राजचंद्र अपने खेत से काम खत्म कर उझानी-बिल्सी मार्ग पर गांव पाल का नगला संजरपुर बालजीत से साइकिल से घर लौट रहे थे। बिल्सी ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि नेत्रपाल सिंह सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजनों ने उन्हें आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया। 7 दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद आज सुबह 11 बजे उन्होंने सैफई के मेडिकल कॉलेज में अंतिम सांस ली।
मृतक के पुत्र विकास का आरोप है कि अज्ञात वाहन चालक ने बेहद तेज और लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए उनके पिता को टक्कर मारी और मौके से फरार हो गया। यदि वाहन की गति नियंत्रित होती तो शायद उनके पिता की जान बच सकती थी।
विकास ने कोतवाली में तहरीर देकर अज्ञात चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और न्याय की गुहार लगाई है।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच कर मुकदमा दर्ज कर लिया जाऐगा। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपी वाहन और चालक की पहचान की जा सके।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com