बदायूं
SSP अंकिता शर्मा की नई पहल: अब थानों पर ही होगी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जनसुनवाई, जनता को नहीं लगाना पड़ेगा पुलिस कार्यालय का चक्कर
बदायूं। जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं सुश्री अंकिता शर्मा ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। अब दिनांक 11 जून 2026 से प्रतिदिन सुबह 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनसुनवाई आयोजित की जाएगी।
इस जनसुनवाई में जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सीधे जुड़े रहेंगे। नई व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य आमजन की शिकायतों का निस्तारण संबंधित थानों पर ही सुनिश्चित करना है, ताकि लोगों को अपनी समस्याएं लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक न आना पड़े।
जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों एवं जनसमस्याओं की सुनवाई के साथ-साथ कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं, प्रार्थना-पत्रों और अन्य पुलिस संबंधी मामलों की समीक्षा भी की जाएगी। एसएसपी अंकिता शर्मा द्वारा संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण, प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे तथा उनके अनुपालन की नियमित समीक्षा भी की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने जनसामान्य से अपील की है कि निर्धारित समयावधि में अपने संबंधित थाने पर पहुंचकर थाना प्रभारी के माध्यम से अपनी शिकायतें एवं समस्याएं प्रस्तुत करें, जिससे उनका शीघ्र एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
यह पहल पुलिस और जनता के बीच संवाद को और मजबूत बनाने तथा शिकायतों के त्वरित निस्तारण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

