बदायूं: तिलक लगाने पर प्रताड़ना के आरोप, दरोगा की मौत में इंस्पेक्टर शाहिद अली पर केस दर्ज।
बदायूं, 11 जून 2026।
बदायूं में न्यायालय सुरक्षा में तैनात दरोगा मेघश्याम गौतम की संदिग्ध मौत का मामला तूल पकड़ गया है। परिजनों की तहरीर पर सिविल लाइंस थाने में न्यायालय सुरक्षा प्रभारी इंस्पेक्टर शाहिद अली के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। परिजनों ने इंस्पेक्टर पर धार्मिक आधार पर प्रताड़ित करने और झूठे केस में फंसाने का दबाव बनाने का गंभीर आरोप लगाया है।
ज्ञात रहे दरोगा मेघश्याम गौतम 4 जून को बदायूं की मधुबनी कॉलोनी स्थित किराए के कमरे में मृत मिले थे। उनका शव फंदे से लटका मिला था। घटना के बाद उनके भाई रामेश्वर दयाल ने सिविल लाइंस पुलिस को तहरीर दी।
तहरीर में आरोप है कि सुरक्षा प्रभारी शाहिद अली दरोगा मेघश्याम को तिलक लगाने और धार्मिक प्रवृत्ति के कारण लगातार प्रताड़ित करते थे। साथ ही जज कंपाउंड में हुए चौकीदार की मौत के मामले में उन्हें झूठा फंसाने का दबाव भी बनाया जा रहा था।
परिजनों के मुताबिक, मेघश्याम ने कई बार घर पर फोन कर प्रताड़ना की बात बताई थी। इसी कारण वे बदायूं से अपना तबादला कराने का प्रयास भी कर रहे थे।
परिवार ने मौत की परिस्थितियों पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि परिवार के पहुंचने से पहले ही शव को मौके से हटा दिया गया था, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है।
सिविल लाइंस पुलिस ने रामेश्वर दयाल की तहरीर के आधार पर इंस्पेक्टर शाहिद अली के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत में धार्मिक प्रताड़ना और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। दरोगा के परिवार ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।



badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

