बदायूं में युवती से रेप, दिल्ली में 20 हजार में बेचने का आरोप, घर में घुसकर चाकू से हमला
सहसवान (बदायूं) तहसील सहसवान क्षेत्र के अमनपुर गांव की एक युवती ने क्षेत्राधिकारी को शिकायती पत्र देकर गांव के ही एक युवक और उसके परिजनों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
9 जून 2026 को दी गई शिकायत के अनुसार, कुवरगुर चांदन गांव निवासी नाज़िम करीब एक साल पहले युवती को बहला-फुसलाकर भगा ले गया था। आरोप है कि शादी का झांसा देकर उसके साथ लगातार दुष्कर्म किया गया। जब युवती ने शादी का दबाव बनाया तो आरोपी, उसके पिता व मां ने मिलकर उसे दिल्ली में 20 हजार रुपए में बेच दिया। पीड़िता किसी तरह वहां से बचकर अपने गांव लौटी और परिजनों को आपबीती बताई।
शिकायत में 8 जून 2026 की मध्यरात्रि की घटना का भी जिक्र है। आरोप है कि नाज़िम एक अज्ञात साथी के साथ चाकू लेकर पीड़िता के घर में घुस आया। विरोध करने पर पीड़िता और उसके माता-पिता के साथ गाली-गलौज व मारपीट की गई। शोर मचाने पर भीड़ इकट्ठा हुई तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
पीड़िता ने पत्र में आशंका जताई है कि भविष्य में उसके या परिवार के साथ कोई अनहोनी हो सकती है। उसने आरोपी नाज़िम, उसके पिता व मां के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
/रविशंकर
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

