बदायूं
भरोसे का खून: मां की देखभाल के लिए छोड़ा दोस्त ही निकला कातिल, बदायूं हत्याकांड में चार्जशीट दाखिल
बदायूं। सहसवान कोतवाली क्षेत्र में बुजुर्ग महिला की हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ न्यायालय में आरोप पत्र (चार्जशीट) दाखिल कर दी है। जांच के दौरान आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई पूरी करते हुए मामला कोर्ट में भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, काशीराम कॉलोनी निवासी बुजुर्ग महिला जावित्री देवी 31 जनवरी की रात अपने घर पर अकेली थीं। उनका पुत्र सौदान रोजगार के सिलसिले में अलीगढ़ गया हुआ था। मां की देखभाल और सुरक्षा के लिए उसने अपने करीबी दोस्त कृष्णपाल उर्फ भोला निवासी ग्राम ठिरिया, थाना वजीरगंज को घर पर छोड़ रखा था। लेकिन उसी भरोसेमंद दोस्त ने बुजुर्ग महिला की जान ले ली।
पुलिस जांच के मुताबिक, रात के समय किसी बात को लेकर जावित्री देवी और कृष्णपाल के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने घर में रखी चूल्हे की ईंट उठाकर महिला के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से जावित्री देवी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका के पुत्र सौदान की तहरीर पर सहसवान पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में आरोपी कृष्णपाल उर्फ भोला को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया था। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून से सनी ईंट भी बरामद की गई थी।
विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से मिले वैज्ञानिक साक्ष्य, गवाहों के बयान तथा अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों के आधार पर आरोपी की संलिप्तता सिद्ध की। जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध न्यायालय में चार्जशीट दाखिल कर दी है। अब मामले की सुनवाई अदालत में होगी, जहां आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ेगी।
उपशीर्षक: अलीगढ़ गए बेटे ने मां की देखभाल के लिए छोड़ा था दोस्त, मामूली विवाद में ईंट से हमला कर उतारा मौत के घाट; पुलिस ने जुटाए पुख्ता साक्ष्य।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

