उझानी -चाय में नशा मिलाकर युवक से लूट, जहरखुरानों ने मोबाइल-नकदी उड़ाई।
उझानी, बदायूं 7 जून ।

दिल्ली से घर लौट रहे एक मजदूर को जहरखुरानों ने चाय में नशीला पदार्थ पिलाकर लूट लिया। बेहोशी की हालत में आरोपियों ने उसका मोबाइल और 4 हजार रुपये लूट लिए। पीड़ित को गंभीर हालत में सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार धौरेरा, कोतवाली उझानी निवासी 30 वर्षीय अनार सिंह उर्फ आंशू पुत्र कालीचरण दिल्ली में मजदूरी करता है। शनिवार की शाम वह आनंद विहार से बस द्वारा उझानी आ रहा था। रास्ते में बगल की सीट पर बैठे एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे चाय ऑफर की। चाय पीते ही आंशू को चक्कर आने लगे और वह अचेत हो गया।
आरोपी मोबाइल और नकदी लेकर फरार हो गए। बस चालक-परिचालक ने बेहोश आंशू को उझानी बस स्टैंड पर उतार दिया। शनिवार सुबह करीब 6 बजे वह लड़खड़ाते हुए घंटाघर चौराहे पहुंचा।
मौके पर मौजूद दैनिक जागरण के पत्रकार सुनील मिश्रा ने तत्काल पानी पिलाकर उसे संभाला। कुछ होश आने पर आंशू ने अपना नाम-पता बताया। हालत दोबारा बिगड़ने पर एंबुलेंस से सीएचसी भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।
राजेश वार्ष्णेय एमके।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com