बदायूं
70 परिवारों का टूटा गांव से संपर्क, रास्ता खुलवाने की मांग को लेकर ग्रामीणों का तहसील पर हंगामा
केशव गुप्ता
सहसवान/मुजरिया। तहसील क्षेत्र के ग्राम चूरी नगला स्थित वाल्मीकि बस्ती के ग्रामीणों ने संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचकर गांव से जोड़ने वाले वर्षों पुराने रास्ते को खुलवाने की मांग उठाई। ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ लोगों द्वारा रास्ते को जोत दिए जाने से बस्ती का मुख्य गांव से संपर्क टूट गया है, जिससे दर्जनों परिवारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि यह मार्ग वाल्मीकि बस्ती और गांव के बीच एकमात्र संपर्क रास्ता था, जिसका वर्षों से आवागमन के लिए उपयोग किया जा रहा था। आरोप है कि हाल ही में कुछ लोगों ने ट्रैक्टर चलाकर रास्ते को जोत दिया, जिससे बस्ती के लोगों का आना-जाना बाधित हो गया है। समस्या को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण तहसील पहुंचे और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों के समर्थन में डीएनटी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष रंजीत कुमार वाल्मीकि भी अपने पदाधिकारियों के साथ तहसील पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से मुलाकात कर मामले में हस्तक्षेप करने और रास्ते को जल्द बहाल कराने की मांग की। उनका कहना था कि रास्ता बंद होने से बस्ती के लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है और प्रशासन को इस गंभीर समस्या का शीघ्र समाधान करना चाहिए।
ग्रामीणों के अनुसार, रास्ता बंद होने से सबसे अधिक दिक्कत मरीजों, बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूली बच्चों को हो रही है। आपात स्थिति में बीमार लोगों को खेतों के रास्ते चारपाई पर ले जाकर मुख्य सड़क तक पहुंचाना पड़ता है। पशुओं के आवागमन और कृषि कार्यों पर भी इसका सीधा असर पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। वहीं प्रशासन ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया है।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

