बदायूं
रात के अंधेरे में धरती का सीना चीर रहे खनन माफिया! दातागंज के रामपुरा खुर्द व नगरिया खनू में धड़ल्ले से चल रहा अवैध मिट्टी खनन
केशव गुप्ता
दातागंज (बदायूं)। शासन-प्रशासन की सख्ती और अवैध खनन पर रोक के तमाम दावों के बावजूद बदायूं जनपद में खनन माफियाओं के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। तहसील दातागंज के थाना हजरतपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रामपुरा खुर्द व नगरिया खनू में रात के अंधेरे में बड़े पैमाने पर अवैध मिट्टी खनन का खेल बेखौफ होकर जारी है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार सूर्यास्त होते ही खनन माफिया सक्रिय हो जाते हैं। प्रतिबंधित समय में भारी-भरकम जेसीबी मशीनों से मिट्टी की खुदाई की जाती है और दर्जनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों व डंपरों के माध्यम से मिट्टी का परिवहन किया जाता है। ग्रामीणों का आरोप है कि यह पूरा खेल प्रशासनिक नियमों को ताक पर रखकर संचालित किया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि रातभर चलने वाली मशीनों के शोर से लोगों का चैन और नींद दोनों प्रभावित हो रहे हैं। वहीं, ओवरलोड वाहनों की आवाजाही से ग्रामीण सड़कों की हालत लगातार खराब होती जा रही है। तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉलियां और डंपर किसी बड़े हादसे को भी न्योता दे रहे हैं।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि अवैध खनन के कारण क्षेत्र में गहरे गड्ढे बनते जा रहे हैं, जो आने वाले समय में बच्चों और मवेशियों के लिए गंभीर खतरा साबित हो सकते हैं। इसके बावजूद संबंधित विभागों द्वारा कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।
इस पूरे मामले ने स्थानीय पुलिस और खनन विभाग की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि आखिर रात में चल रही जेसीबी मशीनें और मिट्टी से भरे वाहन पुलिस की नजरों से कैसे बच जाते हैं? क्षेत्र में यह चर्चा भी जोरों पर है कि कहीं इस अवैध कारोबार को किसी रसूखदार का संरक्षण तो प्राप्त नहीं है।
क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच कराने तथा अवैध खनन में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
