11:52 am Wednesday , 29 July 2026
BREAKING NEWS

उझानी में फुटपाथ पर दुकानदारों का कब्जा, सड़क पर चलने को मजबूर हुए राहगीर

उझानी में फुटपाथ पर दुकानदारों का कब्जा, सड़क पर चलने को मजबूर हुए राहगीर।

नए ईओ मणी सैनी से उम्मीद: क्या जाम की बीमारी से मिलेगी निजात?।

उझानी बदांयू 2 जून।

नगर में अतिक्रमण की समस्या दिन-ब-दिन विकराल होती जा रही है। पैदल चलने वालों के लिए बने फुटपाथ अब दुकानदारों के गोदाम बन गए हैं। हालात ये हैं कि लोगों को जान जोखिम में डालकर मुख्य सड़क पर चलना पड़ रहा है।

शहर के कछला रोड ,स्टेशन रोड, मेन मार्केट, सब्जी मंडी और बदायूं रोड पर दुकानदारों ने अपनी दुकानों के बाहर 8-10 फीट तक सामान फैला रखा है। ठेले-खोमचे वालों ने भी फुटपाथ घेर लिए हैं। खरीदारी करने आने वाले ग्राहक भी अपने दोपहिया और चारपहिया वाहन सड़क पर ही खड़े कर देते हैं। इससे रोजाना जाम लगता है और स्कूली बच्चों व बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है।

अब नगर पालिका में नए अधिशासी अधिकारी मणी सैनी की तैनाती के बाद लोगों की निगाहें उन पर टिकी हैं। शहरवासियों को उम्मीद है कि नए ईओ इस गंभीर जाम की बीमारी से निजात दिलाने की दिशा में ठोस पहल करेंगे। पिछले अधिकारियों के कार्यकाल में अभियान सिर्फ खानापूर्ति बनकर रह गए थे। टीम के जाते ही दुकानदार दोबारा फुटपाथ घेर लेते थे।

सीन-1 -स्टेशन रोड पर बाजार सजा, बची संकरी गली।
स्टेशन रोड पर इलेक्ट्रॉनिक , परचून, कपड़ा, जूता और मिठाई कारोबारियों ने दुकानों के बाहर सड़क तक सामान फैला दिया है। कई जगह तो दुकान और सड़क के बीच फर्क ही खत्म हो गया है। दो रिक्शा आमने-सामने आ जाएं तो घंटों जाम लग जाता है। स्थानीय निवासी राजीव कुमार बताते हैं कि सुबह 10 बजे के बाद यहां पैदल निकलना मुश्किल हो जाता है।
——–
सीन-2 -: कछला रोड मार्केट में फुटपाथ गायब,
उझानी के घंटाघर चोराहा से कछला रोड में फुटपाथ नाम की चीज ही नहीं बची। दुकानदारों ने शटर के आगे 6-7 फीट तक पक्का चबूतरा बना लिया है और उस पर सामान सजा दिया है। ग्राहकों के वाहन सड़क पर खड़े होने से एम्बुलेंस तक फंस जाती है। दुकानदार ग्राहक बढ़ाने की होड़ में सड़क तक कब्जा कर रहे हैं।

सीन-3 सब्जी मंडी में हालात बदतर
सब्जी मंडी रोड पर हालात सबसे खराब हैं। यहां फल-सब्जी वालों ने फुटपाथ के साथ-साथ सड़क का आधा हिस्सा घेर रखा है। नाली पर तख्त डालकर दुकानें सजा दी गई हैं। थोड़ी भी भीड़ बढ़ते ही जाम लग जाता है। मोहल्ला अयोध्यागंज निवासी सीमा देवी का कहना है कि बच्चों को स्कूल छोड़ने में रोज 20 मिनट ज्यादा लगते हैं।

दुकानदारों ने सड़क को अपना गोदाम समझ लिया है। नए ईओ मणी सैनी से उम्मीद है कि वे सिर्फ नोटिस नहीं, सख्त कार्रवाई करेंगे।
सुनील गुप्ता, अयोध्या गंज।

हर छ महीने में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलता है, टीम के जाते ही फिर दुकानें सज जाती हैं। नए अधिकारी को स्थायी समाधान निकालना होगा।
रीना शर्मा, पंजाबी कालोनी।

नगर में अतिक्रमण की लगातार शिकायतें मिल रही हैं। प्राथमिकता के आधार पर मुख्य मार्गों को चिन्हित किया जा रहा है। जल्द ही पुलिस और पालिका की संयुक्त टीम बनाकर अभियान चलाया जाएगा। फुटपाथ खाली कराए जाएंगे और दोबारा कब्जा करने वालों पर भारी जुर्माना व सामान जब्ती की कार्रवाई होगी। हरीश त्यागी, सफाई व खाद्य निरीक्षक नपा उझानी।

राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस