12:28 pm Wednesday , 29 July 2026
BREAKING NEWS

महंगाई की फुलटॉस, उझानी में फिटनेस पर पड़ी भारी

महंगाई की फुलटॉस, उझानी में फिटनेस पर पड़ी भारी।

खेल-जिम उपकरण 7% तक महंगे, मालभाड़े की मार से बढ़ी युवाओं की टेंशन।

उझानी, बदायूं 1 जून ।

पेट्रोल-डीजल की आग ने अब उझानी के जिम और खेल मैदानों को भी झुलसा दिया है। सेहत बनाने का जुनून रखने वाले युवाओं की जेब पर महंगाई की फुलटॉस पड़ गई है। बीते 7 महीनों में खेल और फिटनेस उपकरणों के दाम 7 फीसदी तक उछल गए हैं।

महंगाई का यह शॉट ऐसे वक्त लगा है जब उझानी में फिटनेस का क्रेज चरम पर है। स्थानीय कारोबारी पारसमणी वार्ष्णेय बताते हैं कि दिल्ली-मेरठ और बड़ी कंपनियों से माल मंगाने पर अब ज्यादा खर्च बैठ रहा है। पिछले कुछ सालों में उझानी में जिम कल्चर तेजी से बढ़ा है। छोटे-बड़े मिलाकर 10 से ज्यादा जिम खुल चुके हैं। वहीं क्रिकेट, बैडमिंटन, स्केटिंग और हिट बॉक्स जैसे खेल मैदान भी युवाओं से गुलजार रहते हैं।

कितनी बढ़ी कीमतें: एक नजर

उपकरण पहले दाम अब दाम
क्रिकेट बैट (ट्रेनिंग) ₹1,500 ₹1,605
लेदर बॉल (प्रति पीस) ₹350 ₹375
बैडमिंटन रैकेट (जोड़ी) ₹1,200 ₹1,284
डम्बल 10 KG सेट ₹1,000 ₹1,070
वेट प्लेट (प्रति KG) ₹150 ₹160
फुटबॉल/बास्केटबॉल ₹800 ₹856

जिम फीस भी बढ़ने के आसार

खेल प्रशिक्षक राशिद कहते हैं, “मालभाड़ा और कच्चा माल महंगा होने से कंपनियां पीछे से ही रेट बढ़ा रही हैं। असर अब दिख रहा है। अगर यही हाल रहा तो जिम और कोचिंग की फीस भी बढ़ानी पड़ेगी। जो युवा 500 रुपये में बैट खरीदते थे, उन्हें अब 800 देने पड़ रहे हैं।”

उझानी के जिम संचालकों की मानें तो मशीनें और वेट प्लेट्स महंगी होने से नया सेटअप लगाना मुश्किल हो रहा है। पुराने जिम भी मेंटेनेंस के लिए जूझ रहे हैं।

फिट इंडिया का नारा तो गूंज रहा है, मगर महंगाई की गुगली ने उझानी के युवाओं की फिटनेस जर्नी को महंगा बना दिया है। अब देखना है कि सेहत के इस शौक पर महंगाई कितनी भारी पड़ती है।

— राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस