बदायूं
गोद भराई समारोह में जा रहे एक ही परिवार के 11 लोग हादसे का शिकार, एक की मौत, 10 घायल
केशव गुप्ता
उसहैत/बदायूं। थाना उसहैत क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के 10 अन्य सदस्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब गोद भराई समारोह में शामिल होने जा रही एक बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े बबूल के पेड़ से टकरा गई।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को करीब दो बजे ग्राम सिमरा से लगभग एक किलोमीटर आगे उसहैत रोड पर बोलेरो वाहन संख्या UP 81 CD 1766 दुर्घटनाग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
बताया गया कि बोलेरो में चालक समेत कुल 11 लोग सवार थे, जो थाना कादरचौक क्षेत्र के ग्राम कौआ नगला निवासी हैं। सभी लोग परिवार के सदस्य थे और प्रदीप पुत्र राधेश्याम की गोद भराई कार्यक्रम में शामिल होने के लिए थाना हजरतपुर क्षेत्र के ग्राम कलईया खेड़ा स्थित दुर्गा देवी के घर जा रहे थे।
हादसे में घायल सभी लोगों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कादरचौक पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने विजय सिंह (40 वर्ष) पुत्र झम्मन को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल अन्य 10 लोगों को बेहतर उपचार के लिए 108 एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल बदायूं रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की स्थिति फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।
पुलिस ने मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। वहीं दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा दिया गया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक का माहौल है।


badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

