गंगा दशहरा पर मातम: स्नान के दौरान 5 डूबे, किशोरी शिखा का शव बरामद।
उझानी-बदांयू 26 मई।
गंगा दशहरा के पावन पर्व पर कछला गंगा घाट आस्था का स्नान पांच परिवारों के लिए मातम लेकर आया। स्नान के दौरान डूबी 17 वर्षीय किशोरी शिखा का शव मंगलवार को दूसरे दिन गोताखोरों ने बरामद कर लिया। शव घटनास्थल से कुछ दूरी पर पिलर के पास मिला। शिखा के साथ उसका 16 वर्षीय फुफेरा भाई नीलेश भी डूबा था, जिसका शव सोमवार को ही मिल गया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हाथरस जिले के हसायन थाना क्षेत्र के गांव कानऊ निवासी ओमवीर और गांव पिछौता निवासी नेत्रपाल अपने परिवार के साथ गंगा स्नान करने आए थे। कछला गंगा घाट से करीब एक किलोमीटर दूर स्नान के दौरान ओमवीर का बेटा नीलेश और नेत्रपाल की बेटी शिखा गहरे पानी में चले गए। उन्हें बचाने के प्रयास में ओमवीर, उनका बड़ा बेटा सर्वेश और रिश्तेदार श्यामवीर की पत्नी वर्षा भी डूबने लगीं। घाट पर मौजूद गोताखोरों ने तीनों को सुरक्षित निकाल लिया, लेकिन नीलेश और शिखा का पता नहीं चला।
सोमवार को चले रेस्क्यू अभियान के बाद नीलेश का शव बरामद हो गया था, जबकि शिखा लापता थी। मंगलवार को उसका शव भी बरामद होने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
गंगा दशहरा पर जिले में डूबने से अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है। कछला गंगा घाट पर ही हाथरस के मुढ़सान निवासी 20 वर्षीय रोहित और बदायूं के सिविल लाइंस क्षेत्र के सिरसा दबरई गांव निवासी राजकुमार की भी स्नान के दौरान मौत हो गई। वहीं उसहैत थाना क्षेत्र के अटैना घाट पर मैनपुरी के भोगांव निवासी 19 वर्षीय पिंटू और फर्रुखाबाद के कंपिल निवासी 18 वर्षीय अनुपम की गंगा में डूबने से जान चली गई।
—
राजेश वार्ष्णेय एमके।


badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

