2:27 pm Tuesday , 21 July 2026
BREAKING NEWS

ओवरलोड ट्रक ने मचाया तांडव: पीटीओ की कार में मारी टक्कर, पुलिस चौकी का बैरियर तोड़ खेत में छोड़ भागा चालक

बदायूं

ओवरलोड ट्रक ने मचाया तांडव: पीटीओ की कार में मारी टक्कर, पुलिस चौकी का बैरियर तोड़ खेत में छोड़ भागा चालक

बदायूं। जिले में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब बजरफुट से भरे एक तेज रफ्तार ट्रक चालक ने परिवहन विभाग की टीम को ही निशाना बना डाला। चेकिंग के दौरान ट्रक रोकने का इशारा किए जाने पर चालक ने वाहन रोकने के बजाय सीधे पीटीओ की कार में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पीटीओ की कार क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि अधिकारी बाल-बाल बच गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई और पुलिस-प्रशासन में खलबली दौड़ गई।
जानकारी के मुताबिक बरेली और बदायूं परिवहन विभाग की संयुक्त टीम जिले की सीमा पर ओवरलोड वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चला रही थी। बरेली के पीटीओ विनय कुमार आंवला क्षेत्र के पास बदायूं बॉर्डर पर वाहनों की जांच में लगे थे। इसी दौरान शाहाबाद की ओर से बजरफुट लेकर आ रहे एक संदिग्ध ओवरलोड ट्रक को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि चालक ने ट्रक रोकने के बजाय अचानक वाहन तेज कर दिया और पीछे से पीटीओ की कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर अफरातफरी मच गई और अधिकारी किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे।
घटना के तुरंत बाद परिवहन विभाग की टीम ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद वजीरगंज, कुवरगांव और बिसौली थाना पुलिस सक्रिय हो गई और ट्रक की घेराबंदी शुरू कर दी गई। कई किलोमीटर तक पुलिस और ट्रक चालक के बीच पीछा चलता रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चालक पुलिस से बचने के लिए ट्रक को कभी गांव के रास्तों तो कभी मुख्य मार्गों पर दौड़ाता रहा, जिससे राहगीरों और ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
भागने के दौरान चालक ने बगरैन रिपोर्टिंग चौकी पर लगे पुलिस बैरियर और बोर्ड को भी टक्कर मारकर उखाड़ दिया। तेज रफ्तार ट्रक को देखकर मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए। पुलिस लगातार पीछा करती रही, लेकिन चालक ट्रक लेकर रास्ते बदलता रहा। खुद को चारों तरफ से घिरता देख चालक आखिरकार मक्का के खेत के पास ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। ट्रक के नंबर और दस्तावेजों के आधार पर मालिक और चालक की पहचान की जा रही है। परिवहन विभाग के अधिकारियों ने पूरे मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी है। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने, जानलेवा हमला करने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और ओवरलोडिंग समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। घटना के बाद जिले में ओवरलोड माफियाओं की दबंगई और परिवहन विभाग की कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।

केशव गुप्ता

विज्ञापन एक्सप्रेस