बदायूं
उसावां सीसी निर्माण में भेदभाव का आरोप, होली चौक की आस्था पर चोट से समाज में रोष
उसावां, बदायूं। नगर पंचायत उसावां में होली चौक पर चल रहे सीसी निर्माण कार्य को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। राष्ट्रीय बजरंग दल ने नगर पंचायत प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि निर्माण कार्य जानबूझकर होली चौक की मूल भूमि को छोड़कर कराया जा रहा है, जिससे हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं। मामले को लेकर संगठन के कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
बजरंग दल पदाधिकारियों का कहना है कि होली चौक केवल एक सार्वजनिक स्थल नहीं बल्कि हिंदू समाज की आस्था और परंपरा का केंद्र है। यहां हर वर्ष विधि-विधान से होलिका पूजन किया जाता है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होते हैं। ऐसे महत्वपूर्ण स्थल की अनदेखी कर अधूरा निर्माण कराना हिंदू आस्था के साथ खिलवाड़ है।
संगठन ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारा सीसी निर्माण कार्य में चौक के मुख्य हिस्से को छोड़ दिया गया है, जबकि आसपास के क्षेत्रों में तेजी से निर्माण कराया जा रहा है। इससे लोगों के बीच यह चर्चा तेज हो गई है कि आखिर धार्मिक स्थल की उपेक्षा क्यों की जा रही है।
राष्ट्रीय बजरंग दल के पदाधिकारियों ने कहा कि हिंदू समाज की आस्था पर किसी प्रकार की चोट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि संगठन लगातार इस मुद्दे को प्रशासन के सामने उठा रहा है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। बजरंग दल ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही पूरे होली चौक पर समान रूप से सीसी निर्माण कार्य नहीं कराया गया तो संगठन आंदोलन करने को बाध्य होगा।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि हिंदू समाज के सम्मान और धार्मिक स्थलों की रक्षा के लिए राष्ट्रीय बजरंग दल हमेशा संघर्ष करता आया है और आगे भी करता रहेगा। उन्होंने कहा कि इस लड़ाई में संगठन अकेला लाइन में खड़ा दिखाई दे रहा है, लेकिन आस्था के मुद्दे पर पीछे हटने का सवाल ही नहीं उठता।
बजरंग दल ने जिलाधिकारी समेत संबंधित उच्च अधिकारियों से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच कराने तथा अधूरे निर्माण कार्य को पूरा कराने की मांग की है। वहीं स्थानीय लोगों का भी कहना है कि होली चौक की उपेक्षा से समाज में गलत संदेश जा रहा है और प्रशासन को इस विषय को गंभीरता से लेना चाहिए।
केशव गुप्ता
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

