12:17 pm Tuesday , 21 July 2026
BREAKING NEWS

भीषण गर्मी और लू ने किया बेहाल, पारा 43 डिग्री के करीब

उझानी -भीषण गर्मी और लू ने किया बेहाल, पारा 43 डिग्री के करीब।

उझानी, बदायूं18 मई।

मई के तीसरे सप्ताह में सूरज के तेवर और तल्ख हो गए हैं। सोमवार को उझानी में भीषण गर्मी और लू ने लोगों को घरों में कैद कर दिया। दोपहर 12 बजे अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सर्वाधिक है। न्यूनतम तापमान भी 31 डिग्री रहा।

सुबह 9 बजे से ही सड़कों पर लू चलनी शुरू हो गई। दोपहर होते-होते हालात ऐसे हुए कि मुख्य बाजार, सब्जी मंडी और उझानी-बरेली रोड पर सन्नाटा पसर गया। जरूरी काम से निकले लोग भी गमछा, टोपी और छाते से खुद को ढकते नजर आए।


भीषण गर्मी का सीधा असर बाजार पर पड़ा। कपड़ा, बर्तन और जूता-चप्पल की दुकानों पर दोपहर 12 से 4 बजे तक ग्राहक न के बराबर पहुंचे। दुकानदार रामौतार गुप्ता ने बताया कि “गर्मी के कारण सुबह 11 बजे बाद दुकानदारी ठप सी हो जाती है। शाम 6 बजे के बाद ही कुछ ग्राहक आते हैं।”

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उझानी के चिकित्सक डॉ सर्वेश कुमार ने बताया कि पिछले दो दिन में लू, डिहाइड्रेशन और उल्टी-दस्त के 27 मरीज आए हैं। बुजुर्ग और बच्चों को दोपहर में घर से न निकलने की सलाह दी जा रही है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 3 दिन तक राहत के आसार नहीं हैं। पारा 45 डिग्री तक जा सकता है। 22 मई के बाद हल्की बारिश से तापमान में गिरावट संभव है।

नगर पालिका ने लोगों से अपील की है कि बाहर निकलें तो पानी की बोतल, धूप का चश्मा और सूती कपड़े जरूर रखें। लू लगने पर तुरंत छांव में लेटें और डॉक्टर से संपर्क करें।

राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस