बदायूं –
बंद कमरे में प्रेमी संग पकड़ी गई नाबालिग ने लगाई फाँसी, गाँव में मचा हड़कंप
बदायूँ के मुजरिया थाना क्षेत्र की घटना, आरोपी प्रेमी हिरासत में; पुलिस जांच में जुटी
मुजरिया (बदायूँ)। जनपद के मुजरिया थाना क्षेत्र में रविवार तड़के उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 17 वर्षीय नाबालिग युवती ने कथित रूप से फाँसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि युवती अपने प्रेमी के साथ घर में मौजूद थी और परिजनों द्वारा आपत्तिजनक स्थिति में देखे जाने के बाद यह दर्दनाक घटना सामने आई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी किहर सिंह अपने परिवार के साथ जनपद संभल में शामिल होने गए थे। घर पर उनकी 17 वर्षीय पुत्री अकेली थी। इसी दौरान उसने अपने प्रेमी गोपाल, निवासी गोटिया बलभद्दर थाना कुंवरगाँव, को घर बुला लिया। बताया जाता है कि दोनों पूरी रात घर में साथ रहे।
रविवार सुबह करीब चार बजे युवती के दादा-दादी उसे देखने के लिए घर पहुंचे। जैसे ही उन्होंने कमरे का दरवाजा खोला, अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। आरोप है कि युवती और युवक आपत्तिजनक स्थिति में मिले। इस पर बुजुर्गों ने शोर मचा दिया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।
ग्रामीणों ने युवक को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। इसी बीच घर के अंदर गई युवती ने कथित रूप से लोक-लाज और बदनामी के भय से फाँसी का फंदा लगा लिया। जब तक परिजन और ग्रामीण अंदर पहुंचे, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। कमरे में युवती का शव फंदे से लटका मिला, जिससे पूरे गांव में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना पर मुजरिया थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और भीड़ के बीच फंसे युवक को सुरक्षित हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।
मृतका के पिता किहार सिंह ने बताया कि परिवार शादी समारोह में गया हुआ था। पीछे घर पर बुजुर्ग मौजूद थे। सुबह युवक के पकड़े जाने के बाद हंगामा हुआ और उसी दौरान उनकी बेटी ने यह कदम उठा लिया। घटना की सूचना मिलने पर परिवार तत्काल वापस गांव पहुंचा।
थाना पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आरोपी युवक से पूछताछ जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए एहतियातन पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

