बदायूं
बदायूं में सनसनी: अमरूद के बाग में पेड़ से लटका मिला अज्ञात शव, इलाके में दहशत
अलापुर (बदायूं)। जनपद बदायूं के थाना अलापुर क्षेत्र के गांव नवादा में उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने अमरूद के बाग की झाड़ियों के बीच एक पेड़ पर अज्ञात व्यक्ति का शव लटका देखा। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
बताया जा रहा है कि शव कई दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार शव से दुर्गंध आने पर जब ग्रामीण बाग की ओर पहुंचे तो पेड़ पर शव लटका देखकर उनके होश उड़ गए। सूचना मिलते ही थाना अलापुर पुलिस मौके पर पहुंच गई और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी।
प्रथम दृष्टया शव तीन से चार दिन पुराना बताया जा रहा है। पुलिस शव की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। वहीं घटना को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। कुछ लोग हत्या कर शव को लटकाने की आशंका जता रहे हैं, जबकि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच की बात कह रही है।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव नवादा और आसपास के क्षेत्रों में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।


badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

