12:25 am Tuesday , 21 July 2026
BREAKING NEWS

सहसवान। होली चौक और सती मठ बचाने को सड़क पर उतरे मोहल्लावासी

बदायूं

सहसवान में सार्वजनिक भूमि पर कब्जे की कोशिश से बवाल, होली चौक और सती मठ बचाने को सड़क पर उतरे मोहल्लावासी

बदायूँ/सहसवान। तहसील सहसवान के मोहल्ला अकवराबाद में सार्वजनिक रास्ते, होली चौक और प्राचीन सती मठ की भूमि पर कथित अवैध कब्जे के प्रयास को लेकर शनिवार को भारी हंगामा खड़ा हो गया। सुबह-सुबह नींव खोदकर निर्माण शुरू करने की कोशिश की सूचना मिलते ही मोहल्ले के दर्जनों लोग मौके पर जमा हो गए और विरोध करते हुए निर्माण कार्य रुकवा दिया। मामले को लेकर क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।
मोहल्ला वासियों ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में अधिकारियों को सामूहिक प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की सरकारी पैमाइश कराने तथा सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने हस्तक्षेप नहीं किया तो कभी भी बड़ा विवाद खड़ा हो सकता है।
ग्रामीणों के अनुसार मोहल्ला अकवराबाद, परगना एवं तहसील सहसवान स्थित डकार पुख्ता हरदत्तपुर तिराहे से उत्तर दिशा की ओर जाने वाले रास्ते के पास वर्षों पुराने कई सती मठ बने हुए हैं। इन्हीं मठों के सामने पारंपरिक होली चौक स्थित है, जहां पीढ़ियों से होलिका दहन होता चला आ रहा है। इसी स्थान के बराबर से मोहल्ले का सार्वजनिक रास्ता भी गुजरता है, जिसका इस्तेमाल रोजाना दर्जनों परिवार करते हैं।
आरोप है कि मोहल्ले के कुछ असामाजिक और अवांछित तत्व इस सार्वजनिक भूमि पर कब्जा कर स्थायी निर्माण कराने की फिराक में हैं। मोहल्ला वासियों का कहना है कि कब्जे की यह कोशिश सफल हो जाती तो न केवल रास्ता अवरुद्ध हो जाता बल्कि धार्मिक आस्था से जुड़े सती मठ और होली चौक का अस्तित्व भी खतरे में पड़ जाता।
शिकायती पत्र के मुताबिक शनिवार सुबह करीब आठ बजे कुछ लोग कथित रूप से जेसीबी और मजदूरों के साथ मौके पर पहुंचे और रास्ते व होली चौक की भूमि पर नींव खोदने लगे। इसकी जानकारी मिलते ही मोहल्ले के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। लोगों ने जोरदार विरोध करते हुए निर्माण कार्य रुकवा दिया। मौके पर काफी देर तक हंगामे जैसी स्थिति बनी रही। हालांकि मोहल्ले वालों की एकजुटता के चलते कब्जा करने आए लोगों को पीछे हटना पड़ा और बड़ा विवाद टल गया।
मोहल्ले के लोगों का कहना है कि सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों पर कब्जे की कोशिश से पूरे क्षेत्र में आक्रोश है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल राजस्व विभाग की टीम भेजकर भूमि की पैमाइश कराई जाए और सार्वजनिक रास्ते, होली चौक तथा सती मठ की भूमि को सरकारी अभिलेखों में सुरक्षित दर्ज कर अतिक्रमण मुक्त कराया जाए।
साथ ही शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की भी मांग उठाई गई है। इस संबंध में पूरन सिंह, राधेश्याम, किशनपाल, हरीराम, राम भरोसे, धनपाल, ओमकार, चन्द्रपाल दानवीर, ऋषिपाल, सुनील, जीवनलाल, हुकम सिंह, मुकेश, राजकुमार, भूरे, नेतराम समेत मोहल्ले के अनेक लोगों ने हस्ताक्षर कर प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की गुहार लगाई है।
फिलहाल मामला प्रशासन के संज्ञान में पहुंच चुका है और अब मोहल्ला वासियों की निगाहें सरकारी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

केशव गुप्ता

विज्ञापन एक्सप्रेस