तेज आंधी का तांडव: मकान जमींदोज, दीवार ढही, दो महिलाएं घायल, कई गांव अंधेरे में डूबे
कुंवर गांव
कुंवर गांव बदायूं । बुधवार दोपहर आई तेज आंधी ने क्षेत्र में भारी तबाही मचा दी। कहीं मकान भरभराकर गिर पड़े तो कहीं दीवार ढहने से लोग घायल हो गए। कई गांवों में बिजली पोल और ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने से देर शाम तक अंधेरा पसरा रहा। सड़क पर पेड़ गिरने से यातायात भी बाधित हो गया।
थाना क्षेत्र के गांव काजीपुर में तेज आंधी के दौरान नेतराम का गांव के बाहर बना मकान अचानक भरभराकर गिर गया। मकान में रखा घरेलू सामान मलबे में दब गया, जिससे परिवार को हजारों रुपये का नुकसान हुआ। गनीमत रही कि हादसे के वक्त परिवार के सदस्य घर के अंदर मौजूद नहीं थे, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। मकान गिरने के बाद परिवार के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है।





वहीं गांव असिर्स में आंधी के दौरान बड़ा हादसा हो गया। सर्वेशा पत्नी भूरे और राजवती पत्नी महावीर तेज हवाओं से बचने के लिए एक दीवार की आड़ में बैठ गई थीं। तभी तेज हवा के दबाव से दीवार अचानक भरभराकर गिर पड़ी। दीवार के नीचे दबकर दोनों महिलाएं घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों और परिजनों ने दोनों को मलबे से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
आंधी का असर बिजली व्यवस्था पर भी बुरी तरह देखने को मिला। गांव इमलिया में लगा बिजली ट्रांसफार्मर तेज हवा के चलते जमीन पर गिर पड़ा, जिससे पूरे गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। वहीं बनगढ़ और यूसुफ नगर में बिजली पोल टूट जाने से कई गांवों की सप्लाई बाधित हो गई। बिजली विभाग की टीमें देर शाम तक लाइन दुरुस्त करने में जुटी रहीं, लेकिन कई गांवों में देर रात तक बिजली बहाल नहीं हो सकी।
आंधी के चलते आंवला-बदायूं मार्ग पर गंज पेट्रोल पंप के पास बड़े पेड़ सड़क पर गिर पड़े, जिससे यातायात प्रभावित रहा और राहगीरों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। वहीं गांव यूसुफ नगर में पंचायत घर के पास खड़ा विशाल पाकड़ का पेड़ टूटकर पंचायत घर की दीवार पर जा गिरा, जिससे दीवार क्षतिग्रस्त हो गई।
आंधी थमने के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। लोग देर शाम तक अपने-अपने नुकसान का आकलन करते नजर आए।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com