9:27 pm Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

खुशहालपुर ने धमावली की टीम को 74 रनों से हराया

खुशहालपुर ने धमावली की टीम को 74 रनों से हराया
बेहतरीन प्रदर्शन पर शेर सिंह बने मैन ऑफ द मैच
बिल्सी तहसील क्षेत्र के गांव करियामई में चल रहे केपीएल क्रिकेट टूर्नामेंट में मंगलवार को खुशहालपुर और धमावली की टीमों के मध्य रोमांचक मुकाबला खेला गया। मुकाबले में खुशहालपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए धमावली को 74 रनों से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की। मैच में शेर सिंह मीणा के हरफनमौला प्रदर्शन ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। बेहतर खेल के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। मैदान पर सबसे पहले दोनों टीमों के कप्तानों के मध्य टॉस हुआ, जिसमें खुशहालपुर के कप्तान जीतू मीणा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। बल्लेबाजी करने उतरी खुशहालपुर की टीम ने निर्धारित 16 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 168 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से शेर सिंह मीणा ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 50 रन बनाए। इसके अलावा अरुण मीणा ने 34 रन, रोहतास कुमार ने 22 रन तथा वरुण मीणा ने 18 रनों का योगदान दिया। बल्लेबाजों की आक्रामक पारी की बदौलत टीम मजबूत स्थिति में पहुंच गई। धमावली की ओर से गेंदबाजी करते हुए अमित कुमार ने शानदार प्रदर्शन कर तीन विकेट हासिल किए। वहीं लोकेंद्र मीणा और शनि ने दो-दो विकेट लेकर बल्लेबाजों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन खुशहालपुर का स्कोर बड़ा हो चुका था। इसके बाद 169 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी धमावली की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। टीम के बल्लेबाज खुशहालपुर के गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर टिक नहीं सके और पूरी टीम 10 ओवर में 94 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। धमावली की ओर से ऋतिक कुमार ने 17 रन, लोकेंद्र मीणा ने 16 रन, अनुज मीणा ने 14 रन तथा प्रदीप यादव ने नौ रन बनाए। खुशहालपुर की ओर से गेंदबाजी करते हुए कप्तान जीतू मीणा और अरुण मीणा ने तीन-तीन विकेट लेकर विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी। इसके अलावा रक्षपाल मीणा और शेर सिंह मीणा ने दो-दो विकेट हासिल किए। बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में शानदार प्रदर्शन करने वाले शेर सिंह मीणा को मैन ऑफ द मैच पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर आयोजक प्रदीप कुमार यादव, मुनेश कुमार, उदयवीर, विनोद ऑपरेटर, यशपाल शाक्य, अमित पाराशरी, नमन मिश्रा सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस