बदायूं के कुम्हारों के लिए बड़ी सौगात: सरकार देगी फ्री इलेक्ट्रॉनिक चाक, 30 मई तक करें आवेदन
-
बदायूं। परंपरागत माटीकला से जुड़े कारीगरों और स्वरोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग ने जिले के प्रजापति समाज और मिट्टी कला से जुड़े हुनरमंद परिवारों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए निःशुल्क इलेक्ट्रॉनिक चाक वितरण योजना शुरू की है।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी संदीप कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि विभाग द्वारा संचालित “निःशुल्क माटीकला टूल किट योजना” के अंतर्गत जनपद के पारंपरिक कारीगरों, मिट्टी कला कामगारों और स्वरोजगार में रुचि रखने वाले युवक-युवतियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस योजना के तहत चयनित लाभार्थियों को आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक चाक बिल्कुल मुफ्त उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे उनकी आय बढ़ाने और रोजगार को नई गति देने में मदद मिलेगी।
अधिकारियों के अनुसार यह योजना खासतौर पर उन परिवारों के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर आई है, जो वर्षों से पारंपरिक मिट्टी कला के सहारे जीवन यापन कर रहे हैं। विभाग का मानना है कि आधुनिक मशीनों के इस्तेमाल से कारीगर कम समय में अधिक और बेहतर उत्पाद तैयार कर सकेंगे, जिससे बाजार में उनकी मांग भी बढ़ेगी।
योजना में आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की आयु 18 वर्ष से कम और 50 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। चयन विभागीय समिति द्वारा किया जाएगा, जिसमें परंपरागत कारीगरों, आर्थिक रूप से कमजोर एवं बीपीएल परिवारों को प्राथमिकता दी जाएगी।
इच्छुक अभ्यर्थी यूपी माटीकला बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट� पर जाकर “ऑनलाइन टूलकिट पंजीकरण एवं आवंटन” के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 30 मई 2026 निर्धारित की गई है।
ऑनलाइन आवेदन करने के बाद उसकी हस्ताक्षरित प्रति जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, मोहल्ला शहवाजपुर, पुरानी चुंगी, बरेली रोड, बदायूं में जमा करनी होगी। विभाग ने जनसेवा केंद्र और लोकवाणी केंद्रों के माध्यम से भी आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराई है।
माना जा रहा है कि यह योजना जिले के हजारों कुम्हार परिवारों के लिए आर्थिक मजबूती का नया रास्ता खोल सकती है और पारंपरिक माटीकला को आधुनिक पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाएगी।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

