उझानी में युवक की संदिग्ध मौत: पशुशाला के गेट पर मिला शव, 5 युवकों पर हत्या का आरोप।
उझानी-बदांयू 11 मई।
बदायूं जिले के उझानी कोतवाली क्षेत्र में एक युवक की मौत ने सनसनी फैला दी है। नरऊ गांव में सोमवार सुबह 18 वर्षीय अमन पुत्र पिंटू का शव उसकी ही पशुशाला के गेट पर पड़ा मिला। परिजनों का आरोप है कि गांव के पांच युवकों ने पीट-पीटकर अमन की हत्या की और शव गेट पर फेंक दिया।

मृतक के बड़े भाई अमरपाल के अनुसार, रविवार को अमन को घर के निर्माण कार्य के लिए 20 हजार रुपये देकर सीमेंट लाने भेजा गया था। रास्ते में गांव के पांच युवकों ने उसे रोका, मारपीट की और बाइक की चाबी समेत पूरी रकम लूट ली।
मृतक के भाई अमरपाल का आरोप है कि घटना के तुरंत बाद उझानी कोतवाली में तहरीर दी गई, लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। “अगर पुलिस समय रहते कार्रवाई करती तो आरोपियों के हौसले न बढ़ते और आज मेरा भाई जिंदा होता,”।
रात से लापता था अमन, सुबह मिला शव
परिजनों ने बताया कि रविवार रात अमन गांव के कुछ लोगों के साथ हाइवे की तरफ गया था, जिसके बाद वह घर नहीं लौटा। सोमवार सुबह करीब 6 बजे जब अमरपाल पशुओं को चारा डालने पशुशाला पहुंचा तो गेट पर अमन का शव पड़ा देख उसके होश उड़ गए। शव के गले पर गहरे निशान भी मिले हैं।
घटना की सूचना पर सीओ सुनील कुमार और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से एक दुपट्टा भी बरामद हुआ है।
सीओ सुनील कुमार ने बताया, “प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है। हत्या और आत्महत्या, दोनों बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। नामजद आरोपियों की तलाश जारी है, दोषी किसी भी सूरत में बख्शे नहीं जाएंगे।”
फिलहाल गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी है।
—
राजेश वार्ष्णेय एमके
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

