2:34 am Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

बारिश से बदला मौसम का मिजाज, जलभराव से बढ़ी परेशानी

तहसील गेट पर हुआ जलभराव, दो लेखपाल गिरे
बार एसोसियेशन के पदाधिकारियों ने जताई नाराजगी
बिल्सी। भीषण गर्मी के बीच हुई अचानक बारिश ने जहां लोगों को राहत पहुंचाई, वहीं नगर और तहसील क्षेत्र में जलभराव की समस्या भी खड़ी कर दी। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और लोगों को ठंडक का एहसास हुआ। कई दिनों से पड़ रही तेज गर्मी से परेशान लोगों के चेहरों पर बारिश के बाद खुशी दिखाई दी। बारिश के चलते तहसील के मुख्य गेट पर जलभराव हो गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे दो लेखपाल पानी भरे गड्ढे में फिसलकर गिर पड़े, जिससे उन्हें मामूली चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें उठाकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया। नगर के कई निचले मोहल्लों और प्रमुख सड़कों पर भी बारिश का पानी भर गया। जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण सड़कों पर कीचड़ और गंदगी जमा हो गई, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। नगर के इस्लामनगर बस स्टैंड पर काफी देर तक जलभराव की समस्या बनी रही। लोगों का कहना है कि हल्की बारिश में ही नगर की सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन जाती है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। वहीं दूसरी ओर बारिश किसानों के लिए राहत लेकर आई है। खासतौर पर मक्का की फसल करने वाले किसान बारिश से काफी खुश नजर आए। किसानों का कहना है कि पिछले कई दिनों से पड़ रही तेज धूप और गर्मी के कारण फसलों को पानी की आवश्यकता थी। बारिश होने से खेतों में नमी बढ़ गई है, जिससे मक्का की फसल को काफी लाभ मिलने की उम्मीद है। किसानों ने कहा कि समय पर हुई बारिश फसल की बढ़वार के लिए बेहद लाभकारी साबित होगी।

विज्ञापन एक्सप्रेस