बदायूं
उघैती में बैंक-एटीएम पर सघन चेकिंग अभियान, संदिग्धों की तलाशी लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
बदायूँ। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) बदायूँ के निर्देशन में जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के उद्देश्य से थाना उघैती पुलिस द्वारा बैंक चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान क्षेत्र के विभिन्न बैंकों और एटीएम केंद्रों की सघन चेकिंग की गई।
पुलिस टीम ने बैंक परिसरों व आसपास के क्षेत्रों में मौजूद संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की गहन तलाशी ली। इस दौरान आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा भी लिया गया।
चेकिंग के दौरान बैंक सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें सतर्क रहते हुए किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने, सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय रखने तथा बैंक परिसर में अनावश्यक भीड़ न होने देने के निर्देश दिए।
पुलिस का कहना है कि इस प्रकार के अभियान का उद्देश्य बैंक एवं एटीएम जैसे संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना तथा किसी भी संभावित आपराधिक घटना को समय रहते रोकना है। जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार चलाए जाते रहेंगे।
केशव गुप्ता
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

