अंबेडकर जयंती पर कसेर में कड़ा पहरा, पुलिस की सख्ती से शांतिपूर्ण रैली संपन्न
कुंवरगांव
कुंवरगांव। अंबेडकर जयंती पर थाना क्षेत्र के गांव कसेर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। मंगलवार को पूरे दिन पुलिस बल की सख्त निगरानी में कार्यक्रम आयोजित हुए और रैली शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई।
थानाध्यक्ष राजेश कौशिक पुलिस टीम के साथ मौके पर मुस्तैद रहे। उन्होंने क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर हालात का जायजा लिया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिसकर्मियों को स्पष्ट चेतावनी दी गई थी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। रैली के दौरान सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा, वहीं संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया गया। प्रतिमाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जहां-जहां डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्तियां स्थापित हैं, वहां विशेष पहरा लगाया गया। कसेर स्थित अंबेडकर पार्क में सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं नगर पंचायत कार्यालय में अध्यक्ष ज्योति रानी, अरविंद रावत, अनिल सिंह, किशनवीर रावत, प्रेमपाल रावत सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने बाबा साहब के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके अलावा हसनपुर, वनगढ़, दुगरैया और बल्लिया सहित आसपास के गांवों में भी अंबेडकर जयंती पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। पूरे दिन पुलिस की सतर्कता और सख्त सुरक्षा व्यवस्था के चलते क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रही और सभी कार्यक्रम सकुशल संपन्न हुए।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com