कुंवरगांव थाना क्षेत्र के एक गांव में पशु उपेक्षा का गंभीर मामला सामने आया है, जहां घर के बाहर पिछले सात दिनों से खूंटे से बंधी एक गाय ने भूख और प्यास से तड़पकर दम तोड़ दिया। वहीं घर के अंदर बंद अन्य पशुओं की हालत भी बेहद खराब पाई गई।
जानकारी के अनुसार सालारपुर ब्लॉक के गांव बाबट निवासी द्वारा एक मिनी गौशाला संचालित की जा रही थी, लेकिन वह कई दिनों से लापता है। इस दौरान पशुओं की देखभाल नहीं होने से यह स्थिति उत्पन्न हो गई। पशु प्रेमीको जब इसकी सूचना मिली तो उन्होंने तुरंत थाना पुलिस और पशु चिकित्सक डॉ. संजीव भुइयार को अवगत कराया।
सूचना पर पहुंची पुलिस और पशु चिकित्सक की टीम ने मौके पर पहुंचकर देखा कि खूंटे से बंधी गाय की मौत हो चुकी है, जबकि अन्य पशु बेहोशी की हालत में पड़े थे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से मृत गाय को दफन कराया। साथ ही ग्राम प्रधान की मौजूदगी में घर का ताला तोड़कर अंदर बंद तीन पशुओं को बाहर निकाला गया।
इसके बाद पशुओं को चारा और पानी दिया गया तथा उन्हें सुरक्षित रखने के लिए पशु पक्षी विहार गुरुपुरी विनायक (थाना सिविल लाइन) भेज दिया गया। मामले में पशु प्रेमी दीपेश दिवाकर ने जसवीर सिंह के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत थाने में तहरीर दी है।
इस संबंध में एसआई विनोद कुमार शर्मा ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

