उझानी में टिफिन सेवाओं की मांग बढ़ी, रेस्तरां से चार गुना सस्ता घर जैसा भोजन।
उझानी-बदांयू 5 अप्रैल।
शहर में डिब्बा बंद भोजन (टिफिन) सेवाओं की मांग तेजी से बढ़ रही है। शहरीकरण और व्यस्त जीवनशैली के कारण घर जैसे पौष्टिक और किफायती भोजन की आवश्यकता बढ़ी है। यह सेवा अकेले रहने वाले कामगारों, छात्रों और पेशेवर लोगों के लिए एक बेहतर विकल्प बन गई है।

टिफिन सेवाएं रेस्तरां या बाहर के खाने की तुलना में काफी किफायती हैं। जहां रेस्तरां में एक समय के भोजन पर कम से कम 150 रुपये से 250 रुपये तक खर्च होते हैं, वहीं टिफिन सेवा 60 रुपये से 120 रुपये में भोजन उपलब्ध कराती है।
इस टिफिन सेवाओं में विभिन्न प्रकार के व्यंजन और मेन्यू के विकल्प होते हैं, जिनकी घर तक डिलीवरी की जाती है। आजकल बैंक, बिजलीघर , सरकारी दफ्तरों में भी टिफिन मंगाए जाने लगे हैं। शहर में कई किचन संतुलित और ताजे गुणवत्ता वाले भोजन वाली टिफिन सेवाएं प्रदान करते हैं।
ज्यादातर टिफिन में चार-पांच रोटी, चावल, दाल, सब्जी, सलाद और रायता शामिल होता है। सब्जी और दाल हर दिन बदलती है ताकि पौष्टिकता और स्वाद बना रहे। यह भोजन घर जैसा और संतुलित होता है।
टिफिन सेवाओं में उत्तर भारतीय व्यंजनों की एक विस्तृत श्रृंखला मिलती है। दाल मखनी, मसूर-मूंग-अरहर दाल, राजमा, कढ़ी और छोले जैसे मुख्य व्यंजन नियमित रूप से परोसे जाते हैं। इसके साथ ही विभिन्न प्रकार के रायते भी भोजन का हिस्सा होते हैं। यह भी सुनिश्चित किया जाता है कि भोजन ताजा और संतुलित हो।
इस समय नगर में एक दर्जन के करीब टिफिन सेवा देने वाले डोर-टू-डोर सेवाएं प्रदान कर रहे हैं।
राजेश वार्ष्णेय एमके
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

