बदायूँ: – जिलाधिकारी अवनीश राय के निर्देशानुसार जनपद के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु विशेष कैंपों का आयोजन किया जा रहा है। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित इस योजना का लाभ पात्र वृद्धजनों तक त्वरित रूप से पहुँचाने के लिए वर्ष 2026 हेतु विस्तृत रोस्टर जारी कर दिया गया है। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य एक ही स्थान पर लाभार्थियों को योजना की जानकारी देना, उनका पंजीकरण करना तथा नवीन आवेदन स्वीकार करना है।
जारी रोस्टर के अनुसार, सदर (बदायूँ) विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विकास खण्डों सालारपुर, जगत और वजीरगंज के लिए आगामी 27 मार्च 2026 तथा 17 सितम्बर 2026 की तिथियाँ निर्धारित की गई हैं। इसी प्रकार, शेखूपुर विधानसभा के उझानी एवं कादरचौक विकास खण्डों हेतु 16 अप्रैल एवं 15 अक्टूबर 2026 को शिविर आयोजित होंगे। दातागंज विधानसभा के विकास खण्ड दातागंज, समरेर, म्याऊँ और उसावाँ के लिए 13 मई एवं 17 नवम्बर 2026 की तिथि नियत की गई है। बिल्सी विधानसभा के अन्तर्गत आने वाले विकास खण्ड अम्बियापुर एवं इस्लामनगर में 17 जून और 16 दिसम्बर 2026 को कैंप लगाए जाएंगे। सहसवान विधानसभा के सहसवान एवं दहगवां खण्डों के लिए 15 जुलाई 2026 तथा बिसौली विधानसभा के बिसौली एवं आसफपुर विकास खण्डों हेतु 11 अगस्त 2026 को शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने समस्त संबंधित खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वह निर्धारित तिथियों पर अपने-अपने विकास खण्ड मुख्यालयों पर शिविरों का सफल आयोजन सुनिश्चित करें। यदि जनपद या शासन स्तर से निर्धारित तिथि को कोई अवकाश घोषित होता है, तो ऐसी स्थिति में शिविर अगले कार्य दिवस में आयोजित किया जाएगा। शिविरों का आयोजन माननीय जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति में किया जाएगा। जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया है कि योजना का पूर्व में ही समुचित प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए ताकि अधिक से अधिक लाभार्थी इसका लाभ उठा सकें। शिविर की संपूर्ण कार्यवाही की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी कराकर रिपोर्ट जिला समाज कल्याण अधिकारी को प्रेषित की जाएगी।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com