।




उझानी-बदांयू 22 मार्च।
मौसम में बढ़ती गर्मी की तपन से राहगीरों समेत अन्य लोगों को ठंडे पानी की जरूरत महसूस होने लगी है। बावजूद इसके, नगर में खराब पड़े कई वाटर कूलर से लोगों को ठंडा पानी तो दूर, सादा पानी भी नसीब नहीं हो रहा है। इसके लिए पालिका है कि ध्यान ही नहीं दे रही।
नगर में बात करें तो रेलवे स्टेशन के निकट पुरानी अनाज मंडी के शिव मंदिर मंदिर के निकट, सरकारी अस्पताल गेट के अंदर , स्टेशन रोड पर कोतवाली के बाहर, सहित कई मोहल्लों में लगे वाटर कूलर खराब हैं। यहां हालत यह है कि किसी में टोंटी नहीं है, तो किसी में पानी ही नहीं है। वहीं, किसी वाटर कूलर की टिन भी गलने लगी है। ऐसे में इन वाटर कूलर पर पानी तलाश में पहुंचने वाले लोगों को निराशा ही हाथ लगती है।
यह बात दीगर है कि पालिका की ओर से बीते वर्ष लगाए गए कई वाटर कूलर कुछ स्थानों पर चालू हालत में हैं। इनसे लोगों को पीने का पानी मिलने की औपचारिकता पूरी हो रही है।
शहर में कई जगह इंडिया मार्का हैंडपंप भी ख़राब हालत में है,जो पानी तो नहीं देते शो-पीस बनकर रह गये है। लोगों ने नगर पालिका से मांग की है कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए वाटर कूलर के साथ ही इंडिया मार्का हैंडपंप को भी सही कराया जाऐ।
पालिकाध्यक्ष पूनम अग्रवाल का कहना है कि कुछ लोग वाटर कूलर की टोंटियां तक उखाड़ ले गए हैं। ऐसे में वाटर कूलर के आसपास रहने वाले लोग कुछ ध्यान रखें तो वाटर कूलर ठीक बनें रहेंगे। पालिकाध्यक्ष का कहना है कि नगर में लगे सभी खराब वाटर कूलर को चेक कराकर जल्द ही ठीक करवाया जाएगा। ताकि सभी को साफ स्वच्छ व ठंडा पानी मुहैया हो।
राजेश वार्ष्णेय एमके।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com