बंदरों के आतंक से हादसा: छत से गिरकर युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
कुंवरगांव। थाना क्षेत्र के गांव कैली में मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक हादसे में युवक की छत से गिरकर मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया है।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव निवासी राजाराम (55) पुत्र रामचरन मंगलवार रात करीब 8 बजे अपने घर की छत पर थे। इसी दौरान अचानक बंदरों का झुंड वहां पहुंच गया और घुड़की देने लगा। बंदरों के डर से राजाराम छत से नीचे गिर पड़े, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की आवाज सुनकर परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और उन्हें आनन-फानन में एक निजी चिकित्सक के पास ले गए, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। आए दिन बंदर लोगों पर हमला कर रहे हैं और कई लोग घायल हो चुके हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से बंदरों को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छुड़वाने की मांग की है।
इस संबंध में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि पुत्तूलाल ने भी गांव में बंदरों के बढ़ते आतंक की पुष्टि करते हुए कहा कि इसी वजह से यह दुखद घटना हुई है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com