4:03 am Wednesday , 22 July 2026
BREAKING NEWS

घर से जन्मदिन में जाने की बात कहकर निकली किशोरी, सुबह मंदिर के चबूतरे पर बेहोश मिली

सहेली के जन्मदिन में जाने की बात कहकर घर से निकली छात्रा मंदिर के चबूतरे पर अचेत मिली, रातभर गायब रहने से गांव में मची चर्चा

कुंवरगांव। थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार रात एक किशोरी के अचानक लापता होने और सोमवार सुबह मंदिर के चबूतरे पर अचेत अवस्था में मिलने से गांव में हलचल मच गई। आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली 17 वर्षीय छात्रा सहेली के जन्मदिन समारोह में जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक घर न लौटने पर परिजन चिंतित हो गए।

जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति की पुत्री रविवार शाम घर से यह कहकर निकली थी कि वह पास में रहने वाली अपनी सहेली के यहां जन्मदिन कार्यक्रम में शामिल होने जा रही है। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी और आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन रातभर उसका कोई सुराग नहीं लग सका।

सोमवार सुबह गांव के मंदिर के पास से गुजर रहे कुछ ग्रामीणों की नजर मंदिर के चबूतरे पर पड़ी किशोरी पर पड़ी, जो अचेत अवस्था में वहां पड़ी हुई थी। पहचान होने पर ग्रामीणों ने तुरंत परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और किशोरी को इलाज के लिए बदायूं जिला अस्पताल ले गए।

मामले की जानकारी मिलने पर हल्का दरोगा सुभाष चंद्र आर्य भी जिला अस्पताल पहुंचे और किशोरी के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली।

घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। हालांकि परिजनों की ओर से पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। थाना प्रभारी राजेश कौशिक ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस गांव पहुंची थी। परिजनों के अनुसार किशोरी किसी बात से नाराज होकर घर से चली गई थी और सुबह मिल गई। फिलहाल परिवार की ओर से किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से इनकार किया गया है।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.