2:54 am Wednesday , 22 July 2026
BREAKING NEWS

एक ही दिन में दो सड़क हादसे, युवक की मौत से गांव में मातम

कुंवरगांव। थाना क्षेत्र में शनिवार को कुछ ही देर के अंतराल में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों ने इलाके में सनसनी फैला दी। पहले हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं हादसे की सूचना मिलते ही घटनास्थल की ओर जा रहे दो युवकों की बाइक भी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

कैली गांव निवासी रोहित (22) पुत्र सुरेंद्र का करीब एक वर्ष पहले ही विवाह हुआ था। शनिवार को वह विनावर से बाइक से अपने घर लौट रहा था। उसके साथ बाइक पर राहुल (20) पुत्र राजाराम भी सवार था। रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में रोहित के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल राहुल को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे बरेली रेफर कर दिया।

उधर हादसे की सूचना मिलते ही कैली गांव निवासी भूरे (23) पुत्र राजाराम और गुड्डू (24) पुत्र बादशाह बाइक से मौके की ओर निकल पड़े। इसी दौरान लोचनपुर गांव के पास आलू से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में गुड्डू गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि भूरे को भी चोटें आईं। परिजन गुड्डू को जिला अस्पताल ले गए, जहां उसका उपचार जारी है।

दूसरे हादसे के बाद ग्रामीणों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ लिया और उसे कैली गांव ले आए। एक ही दिन में लगातार हुए इन हादसों से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी और शोक का माहौल है। रोहित की मौत से उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.