1:27 am Wednesday , 22 July 2026
BREAKING NEWS

गिन्दो देवी महिला महाविद्यालय में एनएसएस सात दिवसीय विशेष शिविर का तृतीय दिवस संपन्न

गिन्दो देवी महिला महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर का तृतीय दिवस प्राचार्या प्रो. सरला चक्रवर्ती के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। शिविर के तृतीय दिवस का मुख्य विषय “साइबर सुरक्षा जागरूकता” रहा। इस अवसर पर एक विशेष व्याख्यान एवं संवादात्मक सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं को साइबर अपराधों के विभिन्न स्वरूपों जैसे ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, ओटीपी धोखाधड़ी, सोशल मीडिया हैकिंग तथा बैंकिंग फ्रॉड आदि के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग के लिए आवश्यक सावधानियों पर भी प्रकाश डाला गया।

सत्र के दौरान स्वयंसेविकाओं ने सक्रिय सहभागिता करते हुए अपने प्रश्न प्रस्तुत किए तथा साइबर सुरक्षा से संबंधित अनेक व्यावहारिक जानकारियाँ प्राप्त कीं। प्राचार्या प्रो. सरला चक्रवर्ती ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को सजग, जिम्मेदार एवं नैतिक डिजिटल नागरिक बनने का संदेश देते हुए समाज में भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रीति वर्मा के निर्देशन में संपन्न हुआ। उनके मार्गदर्शन में समस्त गतिविधियाँ सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित की गईं, जिससे कार्यक्रम सफल एवं प्रभावी रहा।
कार्यक्रम के अंतर्गत एनएसएस स्वयंसेविकाओं के मध्य “पोस्टर प्रतियोगिता” का भी आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता के माध्यम से स्वयंसेविकाओं में रचनात्मकता के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता की भावना को भी प्रोत्साहन मिला। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

जिला संवाददाता सौम्य सोनी की रिपोर्ट —

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.