सुंदरकांड के साथ कराया भंडारा, प्रसाद को उमड़ी भीड़
बिल्सी। नगर के बिसौली-कासगंज बाईपास मार्ग पर स्थित अरविंद कोल्ड स्टोरेज के सामने बुधवार को सुंदरकांड पाठ के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम समाजसेवी अजय कुमार सिंह उर्फ बबलू ठाकुर और अभय प्रताप सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुआ। सुबह विधि-विधान के साथ सुंदरकांड पाठ प्रारंभ हुआ, जिसमें श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल हुए। हनुमान जी के जयकारों से पूरा परिसर भक्तिमय हो गया। पाठ की पूर्णाहुति के बाद भंडारे का शुभारंभ किया गया। सैकड़ों महिला, पुरुष और बच्चों ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजकों ने बताया कि आयोजन क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना से किया गया। उन्होंने सभी सहयोगियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। देर शाम तक प्रसाद वितरण का क्रम चलता रहा।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
